सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

सीकर अर्बन हाट में ‘राज सखी एवं उद्योग मेला’ की सातवीं शाम रही रंगारंग : पंच गौरव पुस्तिका का हुआ विमोचन

सीकर | 19-Mar-2026 10:07 PM | 385 |
सीकर
पंच गौरव पुस्तिका का हुआ विमोचन

सीकर. राजस्थान दिवस के अवसर पर अर्बन हाट, सीकर में आयोजित ‘राज सखी एवं उद्योग मेला’ की सातवीं शाम रंगारंग कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और महिला सशक्तिकरण के उत्साह के साथ यादगार बन गई। गुरुवार को पिपराली एवं श्रीमाधोपुर ब्लॉक की स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी से मेले के माहौल को जीवंत बना दिया और आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।


मेले के दौरान जिला उद्योग केंद्र द्वारा ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत फर्नीचर उद्योग पर केंद्रित एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने महिलाओं को फर्नीचर उद्योग में स्वरोजगार के अवसर, आधुनिक तकनीकों, विपणन रणनीतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही वित्तीय सहायता और ऋण सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में पहचान मिल सके।


महिला अधिकारिता विभाग के सौजन्य से पारंपरिक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें प्रतिभागी महिलाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। आगामी गणगौर पर्व को ध्यान में रखते हुए लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया और दर्शकों को राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिली।


सांस्कृतिक संध्या इस दिन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें ‘वीणा कैसेट’ की मधुर राजस्थानी लोक धुनों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत और लोक संस्कृति के इस संगम ने अर्बन हाट परिसर को पूरी तरह रंगीन और जीवंत बना दिया।


इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी सहित अन्य अतिथियों ने ‘पंच गौरव’ कार्यक्रम से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया। उपनिदेशक डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि इस पुस्तिका में जिले के पांच प्रमुख गौरव—खाटू श्याम जी, लकड़ी का फर्नीचर, प्याज, अरडू और बास्केटबॉल—का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है, जो जिले की पहचान को दर्शाता है।
सात दिवसीय इस मेले का भव्य समापन 20 मार्च को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। समापन समारोह में लकी ड्रा मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसका आयोजन लायंस क्लब एवं लीड बैंक मैनेजर कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। मेले में खरीदारी करने वाले आगंतुकों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा।


इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार स्वामी, सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जीपी गौड, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विकास सियाग सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.