सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

लू तापघात से बचाव के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित : जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

सीकर | 09-Mar-2026 10:00 PM | 385 |
सीकर
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

सीकर. जिले में आगामी दिनों में संभावित लू तापघात की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हीटवेव के दौरान किए जाने वाले प्रबंधन और बचाव उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी की जाने वाली मौसम संबंधी चेतावनियों और अलर्ट पर सतत नजर रखें तथा उसी के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लू तापघात से बचाव के लिए प्रशासन को पहले से ही तैयार रहना जरूरी है।

 

कलेक्टर ने विशेष रूप से मनरेगा कार्य स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा स्थलों पर श्रमिकों के लिए ठंडे और स्वच्छ पीने के पानी की व्यवस्था, छाया की पर्याप्त सुविधा तथा बैठने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए ताकि श्रमिकों को गर्मी से राहत मिल सके।

 

इसके अलावा उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में लू तापघात से संबंधित दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को भी इस प्रकार की आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रखा जाए।

 

जिला कलेक्टर ने कहा कि यदि मौसम विभाग की ओर से हीटवेव या लू को लेकर अलर्ट जारी किया जाता है तो आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत सक्रिय होकर आवश्यक कदम उठाए ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या से बचा जा सके।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंबिका प्रसाद जांगिड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.