सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मेला व्यवस्थाओं, यातायात, चिकित्सा व सुशासन दिवस की तैयारियों की हुई समीक्षा : खाटूश्यामजी मेला व सुशासन दिवस को लेकर प्रशासन सतर्क, जिला कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश

सीकर | 30-Dec-2025 11:18 AM | 385 |
सीकर
खाटूश्यामजी मेला व सुशासन दिवस को लेकर प्रशासन सतर्क, जिला कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश

सीकर. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी खाटू श्याम जी मेला, ग्यारस पर्व एवं नववर्ष को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन, शिक्षा, चिकित्सा एवं महिला अधिकारिता विभागों की उन योजनाओं की समीक्षा की, जिन्हें सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। महिला सम्मेलन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

 

जिला कलेक्टर ने खाटू श्याम जी मेला, ग्यारस एवं नववर्ष के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मेला अवधि 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। मेला ड्यूटी के लिए मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति करते हुए रींगस, पलसाना एवं खाटूश्यामजी के चिकित्सालयों को पूर्ण सतर्कता बरतने को कहा गया।

 

बैठक में बिजली विभाग को सड़क किनारे रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त रखने एवं ढीले तारों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को खाटू श्याम जी जाने वाली सड़कों की मरम्मत मेला पूर्व पूर्ण करने तथा नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। रोडवेज विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने, डीएसओ को खाद्य सामग्री में मिलावट पर सख्त कार्रवाई, बाल अधिकारिता विभाग को भिक्षावृत्ति रोकने तथा पशुपालन विभाग को आवारा पशुओं की रोकथाम के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

 

अवैध खनन पर अंकुश के लिए संयुक्त अभियान चलाने तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सुशासन दिवस पर सभी विभागों को शपथ लेकर फोटो अपलोड करने व रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए गए।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.