सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने एसके अस्पताल का औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा : मरीजों से लिया फीडबैक, स्वच्छता और उपचार व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

सीकर | 07-Apr-2026 05:44 AM | 385 |
सीकर
मरीजों से लिया फीडबैक, स्वच्छता और उपचार व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

सीकर. जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने सोमवार को श्री कल्याण (एस.के.) अस्पताल, सीकर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

 

जिला कलेक्टर ने ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण काउंटर, जांच प्रयोगशाला, आईसीयू, ऑक्सीजन प्लांट, क्वालिटी एश्योरेंस एवं कायाकल्प सेल, केन्द्रीय प्रयोगशाला, अन्नपूर्णा रसोई तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित सांझी रसोई का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल परिसर में स्थित विभिन्न वार्डों और 100 बेड के नवनिर्मित अस्पताल भवन का भी बारीकी से अवलोकन किया।

 

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने के लिए भी कहा।

 

कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उपचार व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। प्राप्त सुझावों के आधार पर मरीजों ने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सा उपकरण सुचारू रूप से कार्यशील रहें तथा आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

 

जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस को कण्डम घोषित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सांझी रसोई और अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण कर भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रियंका अमन, डॉ. महेन्द्र खींचड़, डॉ. ललित मौर्य, डॉ. मिथलेश सागर, प्रशासनिक अधिकारी मगन सिंह शेखावत, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सुधीर कुमार, आरएसआरडीसी के महिपाल देवन्दा सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.