सिद्धार्थनगर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सिद्धार्थनगर

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कपिलवस्तु स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो का किया उद्घाटन : सांसद जगदंबिका पाल समेत जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

सिद्धार्थनगर | 01-Aug-2026 03:41 PM | 554 |
सिद्धार्थनगर
सांसद जगदंबिका पाल समेत जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कपिलवस्तु स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो व विपश्यना पार्क का केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया उद्घाटन

संवाददाता : अर्जुन कुमार अग्रहरी

सिद्धार्थनगर, 1 अगस्त। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को सिद्धार्थनगर जनपद स्थित ऐतिहासिक कपिलवस्तु स्तूप पहुंचकर लाइट एंड साउंड शो एवं विपश्यना पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली, शिलापट्ट का अनावरण किया तथा बौद्ध भिक्षुओं से संवाद कर स्तूप की परिक्रमा भी की।

कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने पर्यटन सुविधा केंद्र पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से देशभर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं और उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य बना हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सांसद द्वारा जनपद के विकास से जुड़े जिन परियोजनाओं की मांग की गई है, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कपिलवस्तु भगवान बुद्ध की तपोभूमि है और यहां पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जनपद को नई पहचान मिलेगी। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि लाइट एंड साउंड शो और विपश्यना पार्क के शुरू होने से धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत तथा शिवपति इंटर कॉलेज की छात्राओं ने 'कपिलवस्तु गीत' प्रस्तुत किया। साथ ही काला नमक चावल और भगवान बुद्ध पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

समारोह में नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम सिंह, सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.