सिद्धार्थनगर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर : नेपाल हिंसा पर जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर जारी : दो तहसीलों में मिली सुविधा

सिद्धार्थनगर | 11-Sep-2025 04:33 AM | 242 |
सिद्धार्थनगर
दो तहसीलों में मिली सुविधा

सिद्धार्थनगर, 10 सितंबर। पड़ोसी देश नेपाल में भड़की हिंसा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात और लोगों की मदद के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं। नेपाल से सटे सीमावर्ती जनपद सिद्धार्थनगर के निवासियों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने जानकारी दी कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि नौगढ़ और शोहरतगढ़ तहसील में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के नागरिक सीधे प्रशासन से संपर्क कर अपनी समस्या या जानकारी साझा कर सकते हैं।

शोहरतगढ़ तहसील के लिए प्रशासन ने 05544-297060 नंबर जारी किया है, जबकि नौगढ़ तहसील के लिए 7398050056 नंबर उपलब्ध कराया गया है। इन दोनों नंबरों पर फोन करके लोग तत्काल मदद प्राप्त कर सकेंगे।

नेपाल से लगे जिलों में हालात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। सिद्धार्थनगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

जिला प्रशासन का कहना है कि सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थानीय स्तर पर पुलिस और प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय है। कंट्रोल रूम व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्थिति में जिले के लोग असहाय न रहें।

इस कदम को लेकर आम नागरिकों ने राहत महसूस की है और प्रशासन की सतर्कता की सराहना की है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.