सिद्धार्थनगर में दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों की शुरुआत : ओवरस्पीड वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाददाता : अर्जुन कुमार अग्रहरी
सिद्धार्थनगर: जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस को मिले दो नए दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों को सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी ने बताया कि इन इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से जनपद के विभिन्न मार्गों पर ओवरस्पीड से चलने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन में सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रभारी याता यात अजय कुमार सिंह यादव, आरक्षी सूरज विश्वकर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।