नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सिद्धार्थनगर में महासंकल्प कार्यक्रम, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल संबोधन : MY Bharat के तत्वावधान में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
नशा मुक्त भारत के लिए युवाओं ने लिया महासंकल्प, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल संवाद
सिद्धार्थनगर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat द्वारा संचालित Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat अभियान के तहत रविवार को विकास भवन स्थित अंबेडकर सभागार में राष्ट्रव्यापी "01 करोड़+ महासंकल्प अभियान का आयोजन किया गया कार्यक्रम में युवाओं स्वयंसेवकों, मेडिकल छात्रों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त भारत का सामूहिक संकल्प लिया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी युवाओं से नशा उन्मूलन को जनआंदोलन बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने बताया कि आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में सांस्कृतिक खेल फिटनेस जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इससे पहले MY Bharat की टीम एवं माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने व्यसन उपचार केंद्र ATF में जागरूकता अभियान चलाया और वृक्षारोपण किया। मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से जानकारी दी।
अंबेडकर सभागार में नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने युवाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।
जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने कहा कि MY Bharat युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य कर रहा है। वहीं डॉ. विशाल गौतम एवं डॉ. दीपक कुमार ने नशे से बचाव मानसिक स्वास्थ्य और समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नशामुक्ति पर खुली चर्चा कर अपने विचार साझा किए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।