सिद्धार्थनगर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सिद्धार्थनगर

नशा मुक्त युवा विकसित भारत' अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन विजेताओं को किया गया सम्मानित : युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ, प्रथम विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग

सिद्धार्थनगर | 07-Aug-2026 09:45 PM | 554 |
सिद्धार्थनगर
युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ, प्रथम विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग

सिद्धार्थनगर : 6 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' अभियान के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर के सभागार में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि ने कहा कि स्वस्थ और नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया गया। इस दौरान नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, स्लैम पोएट्री तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं के विजेता

नृत्य: प्रथम–टीम ईशा, द्वितीय–टीम नेहा, तृतीय–टीम रूपाली।

लोकगीत: प्रथम–कन्हैया, द्वितीय–महबिया सूफिया, तृतीय–शिवपत टीम।

नुक्कड़ नाटक: प्रथम–मेडिकल कॉलेज टीम (अखिलेश पाल), द्वितीय–मेडिकल कॉलेज टीम (आयशा)।

चित्रकला: प्रथम–प्रियंका कुमारी, द्वितीय–खुशबू साहनी, तृतीय–आयशा।

वाद-विवाद एवं भाषण: प्रथम–स्तुति त्रिपाठी, द्वितीय–अच्युत द्विवेदी, तृतीय–मानस।

स्लैम पोएट्री: प्रथम–शिवम दुबे, द्वितीय–आर्यन सिंह, तृतीय–प्रीति।

स्लोगन लेखन: प्रथम–रुकमणी, द्वितीय–रहमानिया, तृतीय–देवाशीष।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ ली तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर नशा मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।

समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी ही नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।

कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.