महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

नेपाल-भारत सीमा पर शांति रैली, भाईचारा और सौहार्द का संदेश : समाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने लिया हिस्सा

महराजगंज | 13-Sep-2025 08:46 AM | 234 |
महराजगंज
समाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने लिया हिस्सा

महराजगंज- नेपाल में आंदोलन से उपजे तनाव और कर्फ़्यू की स्थिति के बीच शुक्रवार को एक सकारात्मक पहल देखने को मिली। नेपाल-भारत सीमा स्थित बेलहिया में सुबह शांति और सद्भावना रैली निकाली गई, जिसमें स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह रैली भैरहवां कस्बे से शुरू होकर सोनौली बॉर्डर तक निकाली गई। इस रैली का आयोजन कई प्रमुख संगठनों ने मिलकर किया था। इसमें लुंबिनी प्रेस क्लब, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ लुंबिनी प्रदेश, सिद्धार्थ उद्योग वाणिज्य संघ प्रमुख रूप से शामिल रहे। साथ ही चेंबर ऑफ कॉमर्स, नेपाल भंसार एजेंट संघ और सिद्धार्थ सार्वजनिक यातायात प्रा. लि. का भी सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि रैली का उद्देश्य हाल के तनावपूर्ण हालात में लोगों के बीच शांति, भाईचारे और आपसी एकता का संदेश देना था। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने "शांति बनाए रखें", "भाईचारा ज़िंदाबाद" और "सद्भाव से ही समाधान" जैसे नारे लिखी हुई तख्तियां और पोस्टर लेकर मार्च किया। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों और उकसावे में न आएं और क्षेत्र में शांति कायम रखने में सहयोग करें। व्यापारी वर्ग ने कहा कि सीमा क्षेत्र पर किसी भी प्रकार का तनाव व्यापारिक गतिविधियों को बाधित करता है, जिसका असर दोनों देशों के लोगों पर पड़ता है। वहीं छात्रों और स्थानीय नागरिकों का कहना था कि संवाद और सौहार्द ही किसी भी समस्या का स्थायी समाधान है। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में जनसहभागिता से ही शांति और एकता को मजबूत किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी आग्रह किया कि सीमा क्षेत्र में भरोसे का माहौल बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस पहल से दोनों ओर के लोगों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे, जिससे नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में भाईचारा और शांति कायम रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.