पी एच एम न्यूज
महराजगंज- उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में महराजगंज जिले को नया जिलाधिकारी मिला है। सिद्धार्थनगर के वर्तमान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. को महराजगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।शिवशरणप्पा जी. एन. वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। वे उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। उनका गृह राज्य कर्नाटक है और वे मूल रूप से बेंगलुरु के रहने वाले हैं। उनकी शैक्षिक योग्यता बी.ई. (इंजीनियरिंग) है। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। महराजगंज का जिलाधिकारी बनने से पहले शिवशरणप्पा जी. एन. सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। इससे पूर्व वे चित्रकूट जिले के जिलाधिकारी और कानपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य करने का उनका अनुभव जिले की नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण रहेगा।वहीं गौरव सिंह सोगरवाल ने महराजगंज के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अब शासन ने उनका तबादला सिद्धार्थनगर कर दिया है। उन्हें वहां जिलाधिकारी की नई जिम्मेदारी दी गई है।शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद महराजगंज में नए जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिले के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निस्तारण, राजस्व मामलों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर नए प्रशासनिक नेतृत्व की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।










