खजुरिया गांव की घटना, अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।
(महराजगंज)। चौक थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, खजुरिया निवासी सुनील कुमार की बेटी पुनम मंगलवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। बुधवार सुबह जब पिता बेटी के कमरे का दरवाजा खोलने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने मोहल्ले के लोगों की सलाह पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो किशोरी का शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










