भारत-नेपाल सीमा पर 90 शीशी नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई : तस्कर पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पीएच एम न्यूज (संवाददाता), महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ठूठीबारी थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 90 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ हरखपुरा मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात एसएसबी की 22वीं वाहिनी, बीओपी शीतलापुर की टीम से हुई। सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से दोनों एजेंसियों ने संयुक्त गश्त शुरू की। गश्त के दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध युवक पर जवानों की नजर पड़ी। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही वह पास के गन्ने के खेत में छिपने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस और एसएसबी के जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान शिवम साहनी उर्फ लालू (20 वर्ष), पुत्र रमेश साहनी, निवासी ग्राम डिगाही, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पेटियों में रखी 300-300 मिलीलीटर की कुल 90 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नेपाल के हरखपुरा क्षेत्र से शराब लाकर भारत में बेचता था और इसी से अपना जीविकोपार्जन करता था। पुलिस ने बरामद शराब में से दो शीशियों को नमूने के रूप में सुरक्षित रखा, जबकि शेष 88 शीशियों को सील कर दिया।इस संयुक्त अभियान में ठूठीबारी थाना के उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, कांस्टेबल दीपक कुमार, प्रमोद यादव एवं दीपक सिंह के साथ एसएसबी 22वीं वाहिनी, बीओपी शीतलापुर के उपनिरीक्षक धनवीर सिंह रावत, मुख्य आरक्षी रामनरेश महतो तथा आरक्षी देवाजीत डेका और अमरेश कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब एवं अन्य तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।