एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित एनके रिलैक्स (न्यू रिलैक्स) ओयो होटल पर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। होटल में अवैध गतिविधियों की शिकायतों के बाद की गई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को हिरासत में लिया, जबकि होटल संचालक नीरज कुमार मौके से फरार हो गया।
सीओ सिटी कीर्तिका सिंह और नायब तहसीलदार आकाश लवानिया के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस ने होटल पर अचानक दबिश दी। टीम के पहुंचते ही होटल में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने कमरों की तलाशी लेकर वहां मिली युवतियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए महिला थाना भेज दिया।
रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज जब्त
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने होटल को सीज कर दिया। पुलिस ने होटल का एंट्री रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस इन रिकॉर्डों की जांच कर होटल में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार फरार होटल संचालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि होटल में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और छापेमारी की सूचना पहले से किसी को मिली थी या नहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कासगंज रोड और हाईवे किनारे संचालित कुछ होटलों में नियमों की अनदेखी की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।