अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

एटा में यमराज बना कलाकार सड़क पर उतरा : नियम तोड़ने वालों को चेताया, पुलिस ने बांटे हेलमेट | Etah Traffic

एटा | 26-Nov-2025 06:53 AM | 343 |
एटा
नियम तोड़ने वालों को चेताया, पुलिस ने बांटे हेलमेट | Etah Traffic

एटा। सड़कों पर बढ़ते हादसों को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एटा पुलिस ने एक अनोखा अभियान चलाया। माया पैलेस चौराहा पर आयोजित नुक्कड़ नाटक में एक कलाकार ने यमराज का रूप धारण कर लोगों को जीवन की कीमत और यातायात नियमों का महत्व समझाया।

नाटक के दौरान यमराज बने कलाकार ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों को रोका। उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि घर पर परिवार के सदस्य इंतजार करते हैं, लापरवाही उन्हें हमेशा के लिए मौत के मुंह में धकेल सकती है। कलाकार ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के लिए “हर चौराहे पर यमराज इंतजार कर रहे हैं।”

अभियान में सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह, और यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही। नाटक के माध्यम से दोपहिया, चारपहिया, भारी वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और काली फिल्म का उपयोग करने वालों को विशेष रूप से जागरूक किया गया।

सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नवंबर माह को यातायात जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के निर्देश पर पुलिस टीमें गांवों, मोहल्लों, गलियों, स्कूलों और सरकारी उपक्रमों में जाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दे रही हैं।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जागरूक करने के बाद भी यदि कोई चालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो दोगुना चालान किया जाएगा और कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंतर्गत करीब 50 वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए गए। पूरे अभियान की निगरानी यातायात प्रभारी अनिल वर्मा कर रहे हैं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.