जालौन न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / जालौन
🚨 Breaking News | जालौन

रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार का तोहफ़ा: तीन दिन रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा : 8 से 10 अगस्त तक महिलाएं कर सकेंगी निःशुल्क सफ़र, सीएम योगी ने दिए बस संचालन और ट्रैफिक प्रबंधन के निर्देश

जालौन | 06-Aug-2025 12:07 AM | 77 |
जालौन
8 से 10 अगस्त तक महिलाएं कर सकेंगी निःशुल्क सफ़र, सीएम योगी ने दिए बस संचालन और ट्रैफिक प्रबंधन के निर्देश

📍उरई, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश।
रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश की बहनों और बेटियों को एक विशेष तोहफ़ा दिया है। सरकार ने घोषणा की है कि 8 अगस्त की सुबह से लेकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं यूपी रोडवेज की सभी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम अपने सरकारी आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पर्याप्‍त संख्या में बसें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बहनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सीएम योगी ने विशेष रूप से यह भी कहा कि रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक और पारिवारिक पर्व पर कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में ट्रैफिक मैनेजमेंट और राज्य मार्गों पर गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और सीएम के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

सरकार की इस घोषणा से प्रदेश भर की महिलाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। यह योजना महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर रोडवेज अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि बसों में महिला यात्रियों के लिए अलग से सीट आरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यह पहल रक्षाबंधन के त्योहार को और अधिक सुरक्षित, सुलभ और यादगार बना देगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.