गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में UP TET 2026 की तैयारी तेज : 32 परीक्षा केंद्रों पर 72,020 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

गोरखपुर | 30-Jun-2026 10:56 PM | 47 |
गोरखपुर
32 परीक्षा केंद्रों पर 72,020 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

गोरखपुर। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एनेक्सी भवन सभागार में नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा एसपी सिटी निमिष पाटील की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, केंद्र व्यवस्थापन, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। जनपद में कुल 72,020 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा से पहले केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की समन्वय बैठक तथा कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश के समय सघन जांच और अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.