गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखनाथ मंदिर में श्रीराम कथा का शुभारंभ : भक्ति के बिना जीवन अंधकारमय होता है—सीएम योगी

गोरखपुर | 24-Jul-2026 01:15 AM | 47 |
गोरखपुर
भक्ति के बिना जीवन अंधकारमय होता है—सीएम योगी

विभव पाठक, ब्यूरो चीफ 


गोरखपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भक्ति के बिना जीवन अंधकार, अराजकता और अज्ञानता से भर जाता है। जीवन को सही दिशा देने के लिए ज्ञान और भक्ति दोनों आवश्यक हैं, और इनकी प्राप्ति श्रीराम कथा एवं श्रीमद्भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजनों से होती है।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गोरखनाथ मंदिर में गुरुवार से प्रारंभ हुए सप्तदिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में व्यासपीठ पूजन के बाद मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जहां भक्ति नहीं होती, वहां अंधकार, अराजकता और अज्ञानता का ही वास होता है। इनसे मुक्ति का मार्ग भक्तिसम्मत ज्ञान है, जिसे श्रीराम कथा के माध्यम से सहज रूप में प्राप्त किया जा सकता है।
हर भारतीय के हृदय में बसते हैं प्रभु श्रीराम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का नाम प्रत्येक भारतीय के मन, हृदय और अंतःकरण में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ जुड़ा हुआ है। श्रीराम केवल एक धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि बालक, युवा, वृद्ध, गृहस्थ या संन्यासी—हर व्यक्ति अपने जीवन में श्रीराम के नाम को आत्मीयता से जोड़ता है।
"जय श्रीराम" सनातन संस्कृति का अभिवादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में लोग एक-दूसरे का अभिवादन "जय श्रीराम" अथवा "राम-राम जी" कहकर करते हैं। यह केवल अभिवादन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और मर्यादा का प्रतीक है, जिसने समाज को जोड़ने और जीवन में अनुशासन बनाए रखने का कार्य किया है।
उत्तर प्रदेश के तीर्थ सनातन मूल्यों की पाठशाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के तीर्थस्थल भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के जीवंत केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मर्यादा की प्रेरणा अयोध्या से, मोक्ष का संदेश काशी से, भक्ति का भाव मथुरा-वृंदावन से तथा समरसता का संदेश प्रयागराज से मिलता है।
उन्होंने कहा कि चाहे जितना भी दुष्प्रचार किया जाए, सनातन संस्कृति और उसके मूल्यों को समझने का सर्वोत्तम अवसर उत्तर प्रदेश के तीर्थों में ही प्राप्त होता है।
आचार्य शांतनु जी महाराज सुना रहे हैं श्रीराम कथा
मुख्यमंत्री के संबोधन के पश्चात प्रयागराज से पधारे कथा व्यास आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रीराम कथा का शुभारंभ किया। यह कथा प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होगी।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली भव्य शोभायात्रा
श्रीराम कथा प्रारंभ होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुख्य मंदिर से कथा स्थल तक श्रीरामचरितमानस पोथी शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, शंखध्वनि और 151 वेदपाठी विद्यार्थियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजूदास, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल सहित अनेक संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.