गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर जनता दर्शन : मुख्यमंत्री योगी ने 200 लोगों की सुनी समस्याएं, गंभीर बीमारियों के इलाज में सहायता का दिया भरोसा

गोरखपुर | 24-Jul-2026 01:08 AM | 47 |
गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी ने 200 लोगों की सुनी समस्याएं, गंभीर बीमारियों के इलाज में सहायता का दिया भरोसा

विभव पाठक, ब्यूरो चीफ 
गोरखपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को आश्वस्त किया कि आर्थिक अभाव के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा और सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा किसी के साथ अन्याय न होने पाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद से समाधान का प्रयास करने और आवश्यकता पड़ने पर ही विधिक कार्रवाई करने की बात कही।
इलाज के लिए नहीं रुकेगी किसी की उम्मीद
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मरीजों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं, जिससे जरूरतमंदों को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गोशाला पहुंचकर की गोसेवा
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों एवं अन्य गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और गोशाला के कर्मचारियों से उनकी देखभाल की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.