देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

विद्यालयों में बेहतर पढ़ाई और अस्पतालों में : गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करें : डीएम

देवरिया | 07-Aug-2026 07:12 PM | 548 |
देवरिया
गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करें : डीएम

विद्यालयों में बेहतर पढ़ाई और अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करें : डीएम
देवरिया, । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को सदर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कतरारी, प्राथमिक विद्यालय मझगांवा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगांवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालयों के निरीक्षण में डीएम ने पठन-पाठन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें योग्य एवं संस्कारित नागरिक बनाना शिक्षकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगांवा का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक समय से उपस्थित रहकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अभिलेखों तथा मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (एमसीपी) कार्ड का भी परीक्षण किया। उन्होंने एक महिला का वजन कराकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी लाभार्थियों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.