कोषागार के डबल लॉक कक्ष का डीएम ने किया वार्षिक निरीक्षण : अभिलेखों व पंजिकाओं का मिलान कर पेंशन प्रकरणों की ली जानकारी
कोषागार के डबल लॉक कक्ष का डीएम ने किया वार्षिक निरीक्षण
अभिलेखों व पंजिकाओं का मिलान कर पेंशन प्रकरणों की ली जानकारी
देवरिया,। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को जिला कोषागार का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने डबल लॉक कक्ष में रखे अभिलेखों, पंजिकाओं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण कर उनके रखरखाव व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अभिलेखों एवं पंजिकाओं का मिलान और सत्यापन भी किया गया।
जिलाधिकारी ने सिंगल व डबल लॉक में रखी सामग्री, स्टांप, पर्चियों तथा सीज्ड एवं सील्ड सामग्री की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख व महत्वपूर्ण सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित और व्यवस्थित रखी जाए। रजिस्टरों में प्रविष्टियां समय से अद्यतन करने तथा किसी भी विसंगति का तत्काल निस्तारण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पेंशनधारकों की समस्याओं, लाइफ सर्टिफिकेट के अपडेट और 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनधारकों को मिलने वाले अतिरिक्त पेंशन लाभ की जानकारी ली। उन्होंने पात्र पेंशनधारकों को नियमानुसार लाभ समय से उपलब्ध कराने और पेंशन संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में अधिकांश अभिलेख व रजिस्टर अद्यतन और व्यवस्थित पाए गए। हाल के दो-तीन दिनों की कार्यवाहियों से संबंधित अभिलेखों के आवश्यक अपडेशन के लिए निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कोई गंभीर कमी नहीं मिली।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय, नंदलाल चौरसिया, आरके पांडेय, दिनेश गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।