यूरिया की अवैध तस्करी पर कार्रवाई, पिकअप समेत खाद जब्त
देवरिया, 4 अगस्त। बिहार सीमा के रास्ते यूरिया और मैग्नीशियम सल्फेट की कथित अवैध तस्करी के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन समेत खाद की खेप जब्त की है। मामले में तीन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर थाना श्रीरामपुर, बनकटा पुलिस ने चित्रसेन (बनकटा) स्थित बिहार सीमा के पास पिकअप वाहन संख्या BR29P-4707 को रोककर जांच की। वाहन से ग्रोमोर ब्रांड यूरिया की 100 बोरी तथा जुआरी फार्महब के जय किसान ब्रांड का 100 किलोग्राम मैग्नीशियम सल्फेट बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह खेप बिहार भेजी जा रही थी।
जांच में मेसर्स जनपद खाद एंड बीज भंडार के प्रोपराइटर नितिश यादव, फर्म के संचालक मुकेश सिंह तथा वाहन चालक बदन यादव की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया तीनों के बीच आपसी गठजोड़ प्रतीत हुआ।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद फर्म के प्रोपराइटर योगेंद्र यादव, संचालक मुकेश सिंह तथा वाहन चालक बदन यादव के विरुद्ध थाना श्रीरामपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिलाधिकारी ने जनपद में उर्वरकों की अवैध तस्करी, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, टैगिंग तथा अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी उर्वरक विक्रेता की संलिप्तता मिलने पर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।