स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में 11 अगस्त को निकलेगी : भव्य तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
भटनी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनकी स्मृतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 अगस्त को भटनी मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा के नेतृत्व में खोरीबारी क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन दिन में 11 बजे खोरीबारी मठिया धाम से प्रारंभ होकर शहीद मधुबन करामद इंटर कॉलेज, खोरीबारी के प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगा।
आयोजन में क्षेत्र के बड़े-बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों के साथ-साथ शहीद मधुबन करामद इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। इसके अलावा आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी अपने-अपने विद्यालय की यूनिफॉर्म में कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों के लिए डीजे की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को पूरी तरह गैर राजनीतिक स्वरूप दिया जाएगा। इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं लगाया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करना और नई पीढ़ी को उनके त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना है।
आयोजकों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों और उनके स्वजन से विशेष रूप से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोगों के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनें। आयोजकों का कहना है कि अपने क्षेत्र के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देना प्रत्येक क्षेत्रवासी के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।
आयोजक रोहित मिश्रा ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का सहयोग और सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद क्षेत्र में इस स्तर का आयोजन होने जा रहा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस अवसर को ऐतिहासिक और यादगार बनाएगी।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।