सेंध काटकर आनंद यादव के घर चोरी, नकदी व सामान लेकर फरार हुए चोर
भटनी (देवरिया)। भटनी थाना क्षेत्र के सिंहडीह गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सेंध काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर में प्रवेश कर नकदी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सिंहडीह निवासी आनंद यादव के घर में चोरों ने सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामान को खंगालते हुए चोर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान और नुकसान का आकलन परिजनों द्वारा किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।