स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ
स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकली
देवरिया,। जिले में गुरुवार को नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विकास भवन से जागरूकता रैली निकाली गई, जबकि जनपद के सभी प्राथमिक, कंपोजिट, पीएम श्री और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रवेशोत्सव, प्रभात फेरी एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन हुआ। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर प्रतीकात्मक रूप से नामांकन अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों से होकर पुनः विकास भवन पहुंची।
कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट नामांकन कराने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। सदर विधायक ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने शिक्षकों से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी शिक्षकों को 15 जुलाई तक निर्धारित नामांकन लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, स्काउट-गाइड पदाधिकारी, शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।