PHM NEWS

राजस्व वसूली में ढिलाई पर डीएम सख्त

प्रकाशित: 04 Jul 2026

राजस्व वसूली में ढिलाई पर डीएम सख्त, अफसरों को चेतावनी
देवरिया,। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर, राजस्व वसूली, चकबंदी और राजस्व वादों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए वसूली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को जुलाई माह में प्रत्येक नगर पंचायत के पांच प्रमुख कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायतों को अगली समीक्षा बैठक तक कर एवं करेत्तर वसूली के वार्षिक लक्ष्य का कम से कम 30 प्रतिशत पूरा करने को कहा। उन्होंने जनता दर्शन में समय से बैठकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और अधिकतम मामलों का समाधान तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में आबकारी अधिकारी, व्यापार कर अधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। उप संचालक चकबंदी को चकबंदी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने तथा चकबंदी लेखपालों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने आरसी, भू-राजस्व, विविध देय और बैंक देयों की वसूली में तेजी लाकर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अगले माह तक अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर वेतन भी रोका जा सकता है। साथ ही 10 बड़े बकायेदारों से प्राथमिकता के आधार पर वसूली करने और लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।