पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
देवरिया, 19 अगस्त। जिला सैनिक बंधु की बैठक बुधवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में हुई। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति की भी जानकारी ली।
बैठक में करीब सात पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। इस दौरान सात प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें लेखपाल से संबंधित शिकायत, निर्माण कार्य पूरा कराने, गाटा संख्या-951 का नक्शे में अंकन छूट जाने पर सुधार, खेत की पैमाइश सहित अन्य मामले शामिल रहे।
अपर जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्रावलियां भेजकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मामलों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने पूर्व सैनिकों, दिवंगत सैनिकों की पत्नियों एवं उनके आश्रितों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी देवरिया सत्येंद्र कुमार राय तथा स्टेशन कमांडर गोरखपुर के प्रतिनिधि के रूप में 52वीं बटालियन एनसीसी देवरिया के एक जेसीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।