डीएम के नाम से फर्जी आईडी बनाकर मांगे रुपये, साइबर जालसाजों ने भेजे मैसेज : डीएम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
डीएम के नाम से फर्जी आईडी बनाकर मांगे रुपये, साइबर जालसाजों ने भेजे मैसेज; डीएम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
देवरिया। साइबर जालसाजों ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल तैयार कर ली। इसके बाद फर्जी आईडी से मैसेंजर के जरिए लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीएम के नाम से लोगों को भेजे जा रहे थे मैसेज
जालसाजों ने डीएम की पहचान और फोटो का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल बनाई। इसके बाद लोगों को मैसेज और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। फर्जी आईडी के माध्यम से संपर्क करने के बाद लोगों से रुपये की मांग की जा रही थी। मामला संज्ञान में आने पर प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई।
शनिवार रात करीब 10 बजे इसकी जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने लोगों को सतर्क किया। उन्होंने अपील की कि डीएम के नाम और फोटो से बने किसी भी संदिग्ध या फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से आने वाले मैसेज का जवाब न दें और किसी भी तरह का पैसा न भेजें।
पुलिस ने शुरू की जांच
फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम फर्जी आईडी बनाने वाले जालसाजों की पहचान और उनके द्वारा भेजे गए संदेशों की जानकारी जुटा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अधिकारी के नाम से आने वाले रुपये मांगने वाले संदेशों की पहले पुष्टि करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या किसी खाते में पैसे भेजने से बचें।