देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

नेशनल पब्लिक स्कूल की देवरिया व भटनी शाखा में : धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

देवरिया | 16-Aug-2026 02:10 PM | 548 |
देवरिया
धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

नेशनल पब्लिक स्कूल की देवरिया व भटनी शाखा में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
देवरिया। नेशनल पब्लिक स्कूल देवरिया एवं चांदपार-भटनी शाखा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से किया गया। दोनों शाखाओं में विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में सजाया गया। ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
देवरिया शाखा में विद्यालय के संस्थापक शंभू नाथ मिश्र एवं निदेशक राजीव शंकर मिश्र ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर निदेशक राजीव शंकर मिश्र ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। स्वतंत्रता दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्तमान में अपने कर्तव्यों को समझने और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का दिन भी है।
प्रधानाचार्या मृदुला सिंह ने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझे। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी से शिक्षा ग्रहण करने, मेहनत करने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
उप प्रबंधक सौरभ शंकर मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। यह स्वतंत्रता, संघर्ष, त्याग और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।
वहीं चांदपार-भटनी शाखा में विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्र एवं प्रधानाचार्या अंजू मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्र ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु, सुखदेव और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान सेनानियों के योगदान को देश सदैव श्रद्धापूर्वक याद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारे लगाने तक सीमित नहीं है। एक विद्यार्थी का मन लगाकर पढ़ना, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करना, नियमों का पालन करना और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी सच्ची देशभक्ति है।
प्रधानाचार्या अंजू मिश्रा ने कहा कि भारत विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, खेल और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। देश के युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, प्रतिभा और मेहनत का उपयोग देश की प्रगति के लिए करने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
देवरिया शाखा में कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिकाओं खुशबू शुक्ला एवं मधु मिश्रा ने छात्र-छात्राओं के सहयोग से किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। दोनों शाखाओं में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.