के.के. पब्लिक एकेडमी में ध्वजारोहण के बाद निकली भव्य तिरंगा यात्रा
भटनी (देवरिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर स्थित के.के. पब्लिक एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परिसर में शनिवार को ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व हेल्थ इंस्पेक्टर भटनी अनिल पाण्डेय एवं विद्यालय के कार्यकारी निदेशक अजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक और वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगण ने हाथों में तिरंगा लेकर विद्यालय परिसर से भटनी बाजार के मुख्य मार्ग होते हुए जंगली जलपा माता मंदिर के समीप स्थित विकास खंड भटनी के सेनानियों के शहीद स्मारक स्थल तक तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर विद्यालय परिवार ने देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान किया गया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। नगर के मुख्य मार्गों से निकली इस यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी और इसकी खूब चर्चा रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल पी. श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक अजय कुमार वर्मा, प्रमोद कुमार यादव समेत विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं एवं अध्यापकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।