जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा : वीर नारियों व वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा, वीर नारियों व वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान
देवरिया, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, देवरिया में शनिवार को गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी ने सुबह आठ बजे कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें कार्यालय के कर्मचारियों एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान जिले की वीर नारियों एवं वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिकों को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में देश की रक्षा के लिए सैनिकों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।
इसके बाद कार्यालय परिसर स्थित शहीद सैनिक स्मारक पर पूर्व सैनिकों एवं उपस्थित लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और शौर्य को याद किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक ओम प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक राम नाथ, श्वेता मिश्रा, करन मद्धेशिया, शैलेष कुमार सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।