गौरीबाजार में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, कई घायल
देवरिया। थाना गौरीबाजार क्षेत्र के बैतालपुर में 16/17 अगस्त की देर रात HP पेट्रोल पंप के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। देवरिया से गोरखपुर की ओर जा रही i20 कार (UP 32 FB 3118) अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही Kia कार (UP 52 CB 9523) से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि Kia कार के चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार Kia कार में सवार सारिक, आदिल पुत्र असलम निवासी अबूबकर नगर थाना कोतवाली देवरिया, साहिल अंसारी निवासी मिल इलाही थाना कोतवाली देवरिया तथा आरिफ आदि समेत सात लोग घायल हुए। वहीं i20 कार में सवार रितिक और सिद्धार्थ निवासी छेड़ी रेवती, थाना रेवती, जनपद बलिया को भी चोटें आईं।
सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल देवरिया भेजा गया। टक्कर के बाद i20 कार में आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया।
इलाज के दौरान Kia कार के चालक सारिक की मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर श्री राजेश चतुर्वेदी ने घटना के संबंध में जानकारी दी।