देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

भटनी में सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी पर DM.की बड़ी कार्रवाई : फर्जी डिलीवरी का खुलासा

देवरिया | 03-Apr-2026 09:13 AM | 548 |
देवरिया
फर्जी डिलीवरी का खुलासा

 भटनी (देवरिया)भटनी क्षेत्र स्थित सुमित्रा इंडियन गैस सर्विस एजेंसी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में एजेंसी के खिलाफ गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिसके बाद एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
औचक निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी व प्रशासनिक टीम को एजेंसी में कई खामियां मिलीं। जांच में पाया गया कि स्टॉक रजिस्टर, मूविंग रजिस्टर और चालान मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक स्टॉक में भी बड़ा अंतर सामने आया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कई उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर दिए ही रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखा दी गई थी। इस फर्जीवाड़े से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। करीब 22 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें एजेंसी पर मनमानी वितरण और बुकिंग क्रम तोड़ने के आरोप लगे हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि एजेंसी द्वारा रिकॉर्ड में हेरफेर करने की कोशिश की गई। कुछ सिलेंडरों की एंट्री समय से ऑनलाइन दर्ज नहीं की गई और बाद में अभिलेखों में बदलाव करने का प्रयास किया गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौजूद उपभोक्ताओं को डीएसआरसी के माध्यम से 88 घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण कराया।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं एलपीजी (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलाधिकारी की इस पहल की आम जनता ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे गैस वितरण में पारदर्शिता आएगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.