देवरिया के सभी थानों पर लगा थाना समाधान दिवस
देवरिया के सभी थानों पर लगा थाना समाधान दिवस, 179 शिकायतों में 43 का मौके पर निस्तारण
देवरिया। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कोतवाली थाना पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं महुआडीह थाने पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने जनसुनवाई कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थानों पर डेस्क सिस्टम के तहत हल्का प्रभारी एवं बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
जनपद के सभी थानों पर कुल 179 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 43 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।