चारपहिया वाहन से 304 पाउच अवैध शराब बरामद : एक नामजद सहित दो के खिलाफ मुकदमा
चारपहिया वाहन से 304 पाउच अवैध शराब बरामद, एक नामजद सहित दो के खिलाफ मुकदमा
देवरिया। अवैध शराब के निष्कर्षण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खामपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से 304 पाउच अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की कुल मात्रा 57.72 लीटर बताई गई है। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुकुरघाटी क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खामपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की टाटा सूमो गोल्ड को पकड़ा। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट BR01PB1694 लगी थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर BR01PE9384 पाया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ऑफिसर्स च्वाइस ब्रांड की 180 एमएल की 304 पाउच शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 57.72 लीटर है। मौके से एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई।
पुलिस ने मामले में रमेश उर्फ टुनटुन यादव पुत्र स्व. राजेंद्र यादव, निवासी कुकुरघाटी, थाना खामपार, जनपद देवरिया को नामजद किया है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस संबंध में थाना खामपार में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम और 341(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा: पुलिस के अनुसार नामजद आरोपी रमेश उर्फ टुनटुन यादव के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना खामपार में वर्ष 2021 में धारा 60 आबकारी अधिनियम तथा वर्ष 2022 में धारा 323, 354, 504, 506 भादवि व 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस टीम: कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रियांशु कुमार दूबे, कांस्टेबल मुकेश कुमार, सुरजीत पटेल, धीरेन्द्र सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अरविंद यादव और रिजर्व कांस्टेबल अवधेश यादव शामिल रहे।