बुजुर्ग की फरियाद पर डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता : तत्काल बनवाया आयुष्मान कार्ड
बुजुर्ग की फरियाद पर डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता, तत्काल बनवाया आयुष्मान कार्ड
देवरिया, 19 अगस्त। जनता दर्शन में मंगलवार को 80 वर्षीय बुजुर्ग की फरियाद सुनकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल मदद के निर्देश दिए। ग्राम रतनपुर, विकासखंड गौरी बाजार निवासी सम्यपति घरेलू समस्या से संबंधित प्रार्थना पत्र लेकर डीएम के पास पहुंचे थे। बुजुर्ग की उम्र और स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली।
सम्यपति ने बताया कि अभी तक उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। इस पर जिलाधिकारी ने बिना देर किए आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. राकेश पांडेय को बुलाया और बुजुर्ग का आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कार्ड तैयार कराया, जिसे जिलाधिकारी ने बुजुर्ग को अपने हाथों से प्रदान किया।
आयुष्मान कार्ड मिलने पर बुजुर्ग ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। जनता दर्शन में मौजूद लोगों ने भी डीएम की इस संवेदनशील पहल की सराहना की। जिलाधिकारी ने बुजुर्ग की अन्य समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम की त्वरित कार्रवाई से जहां बुजुर्ग को सरकारी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ, वहीं जनता दर्शन में प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली की भी झलक देखने को मिली।