अवैध मिट्टी खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
अवैध मिट्टी खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, कार्रवाई की संस्तुति
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर तहसील क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बिना अनुमति मिट्टी का खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई।
राजस्व निरीक्षक बरियारपुर के अनुसार क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मौजा बरियारपुर (टोला दलपिठनी के पश्चिम), तप्पा कचुआर स्थित आराजी संख्या-325, रकबा 1.368 हेक्टेयर में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर बरियारपुर थाने में सुपुर्द कर दिया गया। चालक से मिट्टी खनन संबंधी वैध परमिट और अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
उप जिलाधिकारी सदर ने राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली के तहत अधिकतम अर्थदंड लगाने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति करते हुए प्रकरण को प्रभारी अधिकारी (खनन)/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को अग्रेषित कर दिया है।