देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

पंचायत सहायकों की भर्ती शुरू: 76 ग्राम पंचायतों को मिलेगा : नया सहारा, 5 मई तक करें आवेदन

देवरिया | 24-Apr-2026 03:30 PM | 548 |
देवरिया
नया सहारा, 5 मई तक करें आवेदन

देवरिया में पंचायत सहायकों की भर्ती शुरू: 76 ग्राम पंचायतों को मिलेगा नया सहारा, 5 मई तक करें आवेदन देवरिया, 24 अप्रैल। जनपद में ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक / एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायत सहायक ग्राम सचिवालयों के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इनके माध्यम से जन सेवा केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को आय, जाति, निवास समेत लगभग 280 प्रकार की सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की ऑनलाइन फीडिंग में भी इनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पंचायत सहायकों के त्यागपत्र देने या अनुपस्थित रहने से कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे ग्राम सचिवालयों का संचालन और अधिक प्रभावी व सुचारु हो सकेगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 5 मई 2026 तक अपने आवेदन पत्र ग्राम पंचायत, संबंधित विकास खंड कार्यालय या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। 6 से 11 मई तक आवेदन पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों को भेजे जाएंगे।

इसके बाद 12 से 19 मई के बीच मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति से अनुमोदन लिया जाएगा और इसे विकास खंड व जिला स्तरीय समिति को प्रेषित किया जाएगा। 20 से 26 मई तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण किया जाएगा। अंततः 27 से 29 मई के बीच चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।

अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देश दिए हैं कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराई जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके और ग्राम पंचायतों का विकास तेजी से आगे बढ़ सके।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.