देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

₹456 करोड़ की 106 विकास परियोजनाओं की सौगात, : बरहज-रुद्रपुर के विकास को मिलेगी रफ्तार

देवरिया | 26-Jun-2026 09:35 PM | 548 |
देवरिया
बरहज-रुद्रपुर के विकास को मिलेगी रफ्तार


 देवरिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरांव में आयोजित कार्यक्रम में बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹456.38 करोड़ लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹64.94 करोड़ की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹391.44 करोड़ की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया महर्षि देवराहा बाबा और बाबा राघवदास की तपोभूमि है। प्रदेश सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले सड़क और पुल के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोनूघाट से बरहज तक बनने वाली फोरलेन सड़क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ₹172 करोड़ की लागत से इसका निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरहज को सड़क के साथ जलमार्ग से भी जोड़ने की योजना है, जिससे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार दिया जा रहा है तथा निवेश के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। आरक्षी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बताते हुए उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिला है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने और पीएम सूर्यघर योजना अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बाल विकास परियोजना के तहत बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक दीपक कुमार मिश्रा 'शाका', जयप्रकाश निषाद, शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, सभाकुंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.