15 दिन में पूरा करें फार्मर आईडी व निर्माण कार्य : लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम
15 दिन में पूरा करें फार्मर आईडी व निर्माण कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, जिला वन एवं पर्यावरण समिति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पशुपालन विभाग तथा आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य 15 दिन के भीतर पूरे हों, किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी।
वृक्षारोपण की समीक्षा में डीएम ने सभी विभागों को 15 दिन के भीतर पौधों की शत-प्रतिशत जियोटैगिंग कराने के निर्देश दिए। एनआरएलएम के तहत समूह गठन, बीसी सखी, संगठन सखी और वर्क सखी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा।
जिला स्वच्छता समिति की बैठक में शौचालय निर्माण के पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव और लेखपाल को समन्वय बनाकर पंचायत विभाग के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा डिजिटल लाइब्रेरी, अंत्येष्टि स्थल और पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
खंड विकास अधिकारियों को पंचायत सहायकों के कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए 15 दिन के भीतर सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनवाने के निर्देश दिए। आईजीआरएस की समीक्षा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। चेतावनी दी कि शिकायतों के लंबित रहने या त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में गोवंश संरक्षण, गो-तस्करी पर प्रभावी रोक, शत-प्रतिशत टीकाकरण और ईयर टैगिंग अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।