भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं धार्मिक आयोजन: डॉ. सुविन भारद्वाज।
पीएचएम न्यूज़।
मनोज गर्ग।
जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला लोधान में माता महाकाली की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता रानी के जयकारे लगाए। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
शोभायात्रा के समापन पर विधि-विधानसेभव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. सुविन भारद्वाज ने माता महाकाली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
शोभायात्रा मोहल्ला लोधान स्थित पंडित रविदत्त शर्मा के आवास से प्रारंभ हुई। नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा पुनः रविदत्त शर्मा के आवास पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माता महाकाली के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
छोटे-छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की। समापन पर आयोजित महाआरती में भक्तों ने माता रानी की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में विपिन कुमार, कमल कोली, अक्षय शर्मा, भरत कुमार, राजेश, संजू, राजेंद्र, ललित गोयल, राहुल गोयल (तस्वीर वाले), प्रेमचंद एवं ललित शर्मा सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों का विशेष सहयोग रहा।
वहीं शोभायात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से माता महाकाली की भव्य शोभायात्रा एवं महाआरती का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।










