जहांगीराबाद में टाइल गोदाम की दीवार गिरी : दो युवक मलबे में दबे, बालक बाल-बाल बचा
जहांगीराबाद। गुरुवार को नगर के मौहल्ला न्यू पाठक में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक टाइल गोदाम की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में दीवार के पास मौजूद दो युवक मलबे में दब गए, जबकि एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए हाथों से मलबा हटाकर एक युवक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कोतवली प्रभारी संजेश कुमार और नगर पालिका ईओ मणिजी सैनी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया गया।
जेसीबी मशीन से मलबा हटाने के दौरान दूसरा युवक भी दीवार के नीचे दबा हुआ मिला। दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात, एसडीएम अनूपशहर, सीओ अनूपशहर और पालिकाध्यक्ष किशनपाल सिंह लोधी भी मौके पर पहुंचे और अपनी निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई बस्ती के सामने स्थित एक टाइल स्टोर के पीछे टाइल का गोदाम बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बुधवार को गोदाम में टाइलों से भरी गाड़ी उतारी गई थी। गुरुवार शाम अचानक गोदाम की दीवार गिर गई। उस समय दीवार के पास एक बच्चा साइकिल चला रहा था, जबकि नई बस्ती निवासी नाजिम और शाहरुख वहां से गुजर रहे थे। दीवार गिरते ही दोनों युवक उसके नीचे दब गए, जबकि बच्चा साइकिल छोड़कर सुरक्षित दूरी पर हट गया।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शोर सुनकर सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और राहत कार्य में प्रशासन व कर्मचारियों की मदद करते नजर आए।
अन्य खबरें
भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने किया जीना मुहाल : जनता बिजली कटौती की दोहरी मार झेलने को मजबूर
बुलंदशहर न्यूज़पूर्व विधायक ने विभाग को दिया 8 दिन का अल्टीमेटम : स्मार्ट मीटर आज आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गए
बुलंदशहर न्यूज़