अनुपपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / अनुपपुर
🚨 Breaking News | अनुपपुर

नशे के खिलाफ बिजुरी पुलिस का बड़ा अभियान : 2 हजार से अधिक लोगों को किया जागरूक

अनुपपुर | 22-Jul-2026 06:12 PM | 189 |
अनुपपुर
2 हजार से अधिक लोगों को किया जागरूक

अनूपपुर।"नशे को कहें ना, ज़िंदगी को कहें हाँ" के मजबूत संदेश के साथ थाना बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह व थाना की टीम ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ निर्णायक हुंकार भरी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के तहत बिजुरी पुलिस की टीमों ने शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और कोयला खदानों में पहुंचकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। दिनभर चले इस अभियान में पुलिस ने लगभग 1500 से 2000 छात्रों, शिक्षकों, श्रमिकों और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर नशा-मुक्त समाज का संकल्प दिलाया।

स्कूलों में प्रतियोगिताओं से जगाई जागरूकता
की अलख

नशे के दुष्परिणामों के प्रति भावी पीढ़ी को सचेत करने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख विद्यालयों में निबंध लेखन और चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सेंट जोसेफ विद्यालय, बिजुरी आर.के.व्ही.व्ही. विद्यालय, कपिलधारा शासकीय कन्या हाई स्कूल, बिजुरी सीएलके हायर सेकेंडरी स्कूल, बिजुरी
इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसानों को उजागर किया। पुलिस प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द ही सार्वजनिक रूप से पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा।

कॉलरियों और औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों से सीधा संवाद

अभियान के दौरान बिजुरी पुलिस निरीक्षक विकास सिंह कि टीम कुरजा कॉलरी, बहेराबांध कॉलरी और जे.एम.एस. कंपनी के कार्यस्थलों पर भी पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कोयला खदानों और कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें बताया कि नशा किस तरह व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक जीवन को तबाह कर देता है। पुलिस ने श्रमिकों से अपनी मेहनत की कमाई को नशाखोरी में गंवाने के बजाय स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भावुक अपील की।

सामूहिक शपथ से गूंजा परिसर

कार्यक्रमों के समापन पर सभी स्थानों में उपस्थित जनों को “नशे से दूरी है जरूरी” की सामूहिक नशा-मुक्ति शपथ दिलाई गई। सभी को प्रेरित किया गया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेंगे।

बिजुरी पुलिस का संकल्प

“नशा-मुक्त बिजुरी, सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस का यह अभियान समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ एकजुट करने में सफल रहा है। अब आवश्यकता इस बात की है कि आम नागरिक भी इस पहल में आगे आएं और एक स्वस्थ व सुरक्षित समाज के निर्माण में भागीदार बनें।

जनसहभागिता से बदलेगी तस्वीर

इस वृहद अभियान में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और श्रमिकों तक हर वर्ग की सक्रिय और उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों का मानना है कि बिजुरी पुलिस की यह पहल समाज में सकारात्मक और दूरगामी बदलाव लाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.