श्रमजीवी पत्रकार परिषद के मंच से छलके तत्कालीन कलेक्टर पंचोली के जज्बात : नए कलेक्टर रत्नाकर झा ने दिया विकास और समन्वय का भरोसा
विदाई समारोह में भावुक हुए हर्षल पंचोली, बोले- अनूपपुर की यादें हमेशा रहेंगी साथ; रत्नाकर झा ने कहा- पत्रकार प्रशासन और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी
अनूपपुर।
जिले में प्रशासनिक नेतृत्व परिवर्तन के बीच राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद द्वारा आयोजित विदाई एवं स्वागत समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। होटल सूर्या के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा का आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी और परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पत्रकार बाबूलाल पाठक के स्वस्तिवाचन तथा संकल्प पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के बाद पत्रकार महेश मिश्रा ने स्वागत एवं विदाई गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया।
'पत्रकार लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी'
अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि किसी भी जिले के विकास में प्रशासन और मीडिया की भूमिका एक-दूसरे की पूरक होती है। पत्रकार समाज की वास्तविक समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक, निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने की अपील की।
'अनूपपुर का कार्यकाल हमेशा याद रहेगा'
विदाई समारोह में भावुक हुए पूर्व कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि अनूपपुर में बिताया गया समय उनके प्रशासनिक जीवन की सबसे यादगार यात्राओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे हो सके।
उन्होंने कहा कि जिले के पत्रकारों ने केवल समाचार प्रकाशित करने तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और विकास कार्यों को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने लोकतंत्र में जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
एसपी बोले- संवेदनशील और जनकेंद्रित अधिकारी रहे पंचोली
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने कहा कि हर्षल पंचोली की कार्यशैली सदैव संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित रही। उन्होंने हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए तत्परता दिखाई। उनका मानवीय दृष्टिकोण प्रशासनिक सेवा के लिए प्रेरणादायी है।
लोकतंत्र को मजबूत करता है प्रशासन और मीडिया का समन्वय
राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। जिला संगठन मंत्री संतोष मिश्रा ने पंचोली के कार्यकाल को विकास, पारदर्शिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पित बताया। वहीं संभागीय उपाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ संवाद ही प्रशासन और पत्रकारिता के रिश्ते को मजबूत बनाता है।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार आमीन वारसी ने गीत के माध्यम से आभार व्यक्त कर समारोह को यादगार बना दिया।
सम्मान और स्वागत का विशेष पल
समारोह में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद की ओर से पूर्व कलेक्टर हर्षल पंचोली को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा और पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल देकर आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित पत्रकारों ने सुशासन, विकास और जनहित के मुद्दों पर प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग का संकल्प भी लिया।
बड़ी संख्या में जुटे पत्रकार और पदाधिकारी
समारोह में परिषद के प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित अनूपपुर, कोतमा और जैतहरी ब्लॉकों के बड़ी संख्या में पत्रकार एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।