टोंक न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / टोंक
🚨 Breaking News | टोंक

बाल वैज्ञानिक सवीना योगी का 'स्मार्ट शूज इंसोल्स' मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएगा दम : नागौर में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में हुआ चयन

टोंक | 28-Dec-2025 09:04 AM | 377 |
टोंक
नागौर में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में हुआ चयन

टोंक। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है बनेठा के सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा सवीना योगी ने। सवीना के नवाचार 'स्मार्ट शूज इंसोल्स' को राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी के लिए चुना गया है। हाल ही में नागौर के सेठ किशनलाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में सवीना के इस मॉडल ने निर्णायकों और वैज्ञानिकों का दिल जीत लिया

​278 बाल वैज्ञानिकों के बीच बनाई जगह

​विद्यालय के संचालक हरीश जैन ने बताया कि नागौर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी में प्रदेश भर से 278 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया था। ये सभी प्रतिभागी जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर राज्य स्तर तक पहुंचे थे। जूरी में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के साथ नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (NIF) के दो वैज्ञानिक भी शामिल थे, जिन्होंने सवीना के आइडिया को राष्ट्रीय मंच के लिए उपयुक्त पाया। टोंक जिले से शामिल 10 बाल वैज्ञानिकों में से केवल सवीना का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है।

क्या है 'स्मार्ट शूज इंसोल्स' नवाचार?

​सवीना द्वारा तैयार किया गया यह मॉडल उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकता है जो:

  • ​जन्मजात रूप से चलने में असंतुलन या असमानता का सामना करते हैं।
  • ​पैर में गंभीर चोट के कारण सही से नहीं चल पाते।
  • ​चलने-फिरने में शारीरिक अक्षमता महसूस करते हैं। यह 'स्मार्ट इंसोल' पैरों के असंतुलन को नियंत्रित कर व्यक्ति को सामान्य रूप से चलने में सहायता प्रदान करता है।

ननिहाल की एक घटना बनी प्रेरणा

​सवीना ने बताया कि इस नवाचार की प्रेरणा उन्हें अपने ननिहाल में एक युवक को देखकर मिली, जो जन्मजात पैर की समस्या के कारण संतुलित तरीके से नहीं चल पाता था। उनकी इस परेशानी को दूर करने के संकल्प के साथ सवीना ने शिक्षक हरीश जैन के निर्देशन में यह मॉडल तैयार किया।

क्षेत्र में खुशी की लहर

​सवीना की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार (पिता सांवर लाल योगी) में खुशी है, बल्कि उनियारा ब्लॉक, टोंक जिला शिक्षा विभाग और पूरे विद्यालय स्टाफ में उत्साह का माहौल है। गौरतलब है कि सरस्वती विद्या मंदिर से इससे पूर्व भी चेतन कुमार सैनी, प्राची चौधरी और हंशिका मीणा जैसे विद्यार्थी इंस्पायर अवार्ड में अपनी चमक बिखेर चुके हैं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.