इकलौते बेटे की हत्या से उजड़ गया परिवार, : मां की चीखों और बहनों के दर्द ने सबको रुलाया
शाहजहांपुर। 20 वर्षीय गौतम मौर्य की हत्या ने पूरे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और चीख-पुकार सुनाई दे रही है। गौतम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और चार बहनों का अकेला भाई था। शव घर पहुंचते ही मां का दर्द छलक पड़ा। वह बार-बार यही कहकर बिलखती रहीं कि बुढ़ापे का उनका एकमात्र सहारा उनसे छिन गया। मां की चीखें सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था और परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में थे।
शनिवार को थाने के बाहर धरने के दौरान परिजन और बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठकर न्याय की मांग करती रहीं। रक्षाबंधन से ठीक पहले भाई को खोने का गम बहनों के दर्द में साफ झलक रहा था। वे फूट-फूटकर रोते हुए कह रही थीं, “अब इस बार राखी किसकी कलाई पर बांधेंगे, हमारी रक्षा कौन करेगा?”
मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस मार्मिक दृश्य को देखकर गहरा दुख जताया। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।