मिल्किया में सड़क धंसी, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
सड़क के बीच बना गहरा गड्ढा दे रहा हादसे को न्योता, शिकायतों के बावजूद मरम्मत का इंतजार
शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के ग्राम मिल्किया में सड़क की बदहाल तस्वीर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसकर गड्ढे में तब्दील हो गया है। तस्वीर में सड़क की परत उखड़ी हुई और नीचे का हिस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की यह हालत राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है। दिन में तो किसी तरह गड्ढा दिखाई दे जाता है, लेकिन रात के अंधेरे में दोपहिया वाहन चालक इसकी चपेट में आ सकते हैं। सड़क किनारे झाड़ियां होने से खतरा और बढ़ गया है।
सवाल यह है कि सड़क के धंसने के बाद भी जिम्मेदार विभाग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा क्यों नहीं ले रहा? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल जांच कराकर गड्ढे की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।