भरतपुर न्यूज़
🚨 Breaking News |
भरतपुर
भरतपुर : रुदावल में डीजीपी के निर्देश पर ऑनलाइन जनसंवाद, लोगों को साइबर ठगी से किया गया जागरूक
भरतपुर जिले के कस्बा रुदावल के राजीव गांधी सेवा केंद्र में डीजीपी के निर्देश पर एक ऑनलाइन जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न रूपों के बारे में आमजन में जागरूकता फैलाना था। इसमें विशेष रूप से किसानों को निशाना बनाने वाले फ्रॉड कॉल, केवाईसी के नाम पर ठगी, विदेश में नौकरी के फर्जी ऑफर और फर्जी एप्स से वाहन चालान बनाने जैसे मामलों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त घर बैठे पैसा कमाओं जैसे ऑनलाइन जॉब ऑफर्स और ऑनलाइन शॉपिंग में नकली उत्पादों की बिक्री जैसे विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। आमजन को ऑनलाइन लेनदेन करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने और सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी गई। एसएचओ नरेशचंद शर्मा ने बताया कि कम्यूनिटी पुलिसिंग शाखा द्वारा राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता एवं पुलिस कार्यों में जनसहयोग विषय पर कम्यूनिटी पुलिसिंग के घटक सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, गणमान्य लोगों व आमजन के साथ ऑनलाईन जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस ऑनलाईन जन-संवाद कार्यक्रम में सभी जिलो के एसपी, एएसपी, सीओ व एसएचओ जुडे। इस जनसंवाद कार्यक्रम में थाना प्रभारी नरेशचंद शर्मा, एएसआई मुंशीलाल, सुरेश कुंतल, एचएम वीरेन्द्र कुमार, हैड कांस्टेबल दाताराम, सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, सुरक्षाकर्मी और कई नागरिक उपस्थित थे।