सिकंदरा में मिलावटी खोया बनाने वाले दो कारोबारियों पर एफआईआर : भारी मात्रा में अपमिश्रक बरामद
कानपुर देहात, 25 मई 2026। सिकंदरा क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक खोया निर्माण परिसर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में स्किम्ड मिल्क पाउडर, निर्मित खोया, मिश्रित दूध, रिफाइंड तेल और संदिग्ध अपद्रव्य बरामद किए। मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
50 लीटर मिश्रित दूध और 100 किलो खोया बरामद
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान परिसर में बोयलर कड़ाही में करीब 50 लीटर मिश्रित दूध और लगभग 100 किलोग्राम निर्मित खोया मिला। इसके अलावा 327 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) बरामद किया गया। इसमें 25-25 किलोग्राम की 11 बोरियां तथा दो खुली बोरियां शामिल थीं। बरामद SMP की अनुमानित कीमत करीब 98,181 रुपये बताई गई है।
टीम को मौके से पांच टीन में लगभग 64 किलोग्राम सोयाबीन रिफाइंड ऑयल, करीब 2.25 किलोग्राम सोडियम बाइकार्बोनेट तथा ‘सेफोलाइट’ अंकित पॉलीथिन में करीब 600 ग्राम क्रिस्टल रूपी अपद्रव्य भी मिला।
SMP मिलाकर तैयार किया जा रहा था खोया
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जांच के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता/विक्रेता प्रिंस यादव द्वारा खोया में स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर तैयार किए जाने की बात सामने आई। टीम ने नियमानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार की तहरीर पर थाना सिकंदरा में मु०अ०सं० 161/2026, धारा 274/275 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में—
प्रिंस यादव पुत्र धर्मेंद्र सिंह, निवासी मदन सिंह का पुरवा, थाना अजीतमल, जनपद औरैया।
कुंज बिहारी पुत्र गेंदालाल, निवासी 105बी मालवीय नगर, कस्बा एवं थाना सिकंदरा, कानपुर देहात।
शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।