झालावाड़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / झालावाड़
🚨 Breaking News | झालावाड़

राल्सा ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान : झालावाड़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

झालावाड़ | 05-May-2026 07:50 PM | 384 |
झालावाड़
झालावाड़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
झालावाड़ | चौमहला
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा) के निर्देशानुसार जिले में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे” अभियान की शुरुआत करते हुए मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कोलवी (चौमहला) में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को साइबर अपराध, बाल अधिकार एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झालावाड़ एवं तालुका विधिक सेवा समिति चौमहला के अध्यक्ष बृजपाल दान चारण (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता मो. असगर अली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और मौजूदा सामाजिक- कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक करना है।
‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी लगेगी
अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में ‘कोर्ट वाली दीदी’ नाम से शिकायत पेटी लगाई जाएगी, जिसमें विद्यार्थी यौन शोषण, भेदभाव, मारपीट, दुर्व्यवहार एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। इन शिकायतों पर विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विधिक साक्षरता क्लब का होगा गठन
सभी सरकारी व निजी स्कूलों में विधिक साक्षरता क्लब बनाए जाएंगे। इसमें संस्था प्रधान, एक वरिष्ठ शिक्षक और दो छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा।
इन विषयों पर दी जानकारी
शिविर के दौरान साइबर दुर्व्यवहार, सुरक्षित बचपन–सुरक्षित भविष्य, पॉक्सो अधिनियम 2012, बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा एवं जुवेनाइल एक्ट सहित कई विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड लाइन 1098 और आपातकालीन पुलिस सहायता 112 के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में चेतन मोरी सहित विद्यालय स्टाफ के गिरीश मेहर, मोहम्मद शाहरुख, जितेंद्र कुमार अरवाल, मोनिका कुमारी एवं रजनी कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.